विजयवर्गीय ने सिद्धू को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर कसा तंज, कहा - राहुल गांधी को लोकप्रिय नाम 'पप्पू' देने वाले को बधाई, जिन्होंने कहा था 'कांग्रेस मुन्नी से भी ज्यादा बदनाम है।
इंदौर। तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति (पीपीसीसी) का अध्यक्ष बनाया है। सिद्धू सुनील जाखड़ का स्थान लेंगे, नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने पर भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तंज कसा है। विजयवर्गीय ने राहुल गांगी को कोट करते हुए लिखा - उनका देश में सर्वाधिक लोकप्रिय नाम 'पप्पू' देने वाले को पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई। यह वही सिद्धू हैं, जिन्होंने कहा था कि 'कांग्रेस मुन्नी से भी ज्यादा बदनाम है।' हम क्या कहें ये किस्सा उनके, उनका है ये वो जाने कि वो जानें...।
सिद्धू के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए गए हैं। संगत सिंह गिल्जियान, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से रविवार शाम इस बाबत पत्र जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि पार्टी ने कुलजीत सिंह नागरा को सिक्किम, नगालैंड और त्रिपुरा के प्रभारी पद से मुक्त कर दिया है। हालांकि इससे पहले पंजाब कांग्रेस में सिद्धू काे प्रदेश अध्यक्ष बनाने का विराेध बढ़ गया था।
राज्य के कांग्रेस सांसदाें ने रविवार काे राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा के घर पर बैठक की थी। उसमें कांग्रेस के 11 में से नौ सांसद शामिल हुए। इन्होंने पार्टी अध्यक्ष साेनिया गांधी से मुलाकात करने का फैसला किया था। वे उन्हें बताने वाले थे कि सिद्धू की पार्टी संगठन में कोई पकड़ नहीं है। पंजाब के 10 कांग्रेस विधायकाें ने भी पार्टी नेतृत्व काे चिट्ठी लिखी थी। उसमें मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का समर्थन किया गया था। इसका कुछ असर होता, लेकिन इससे पहले ही सोनिया ने फैसला कर सबकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
No comments:
Post a Comment
ghatakreporter.com मै आपका स्वागत है।
निस्पक्ष खबरों के लिए निरंतर पढ़ते रहें घातक रिपोर्टर
आपकी टिप्पड़ी के लिए धन्यवाद