एक्सप्रेस-वे पर खड़ी डबल डेकर बस में दूसरी बस ने मारी जोरदार टक्कर, उड़े परखच्चे, 8 की मौत, 18 घायल।
उत्तर प्रदेश। बाराबंकी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर खड़ी डबल डेकर बस को दूसरी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। 8 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। मृतकों में 2 महिलाएं, एक बच्ची भी शामिल हैं। हादसा इतना भीषण था कि आधी डबल डेकर बस क्षतिग्रस्त हो गई। यह हादसा लोनीकटरा थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास हुआ है। दोनों बस बिहार से दिल्ली जा रही थीं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हैं। रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। घायलों को बाराबंकी के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

ASP के मुताबिक, बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुपरी कस्बे से रविवार को एक डबल डेकर बस (UP 17 AT 1353) दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सोमवार की सुबह 4 बजे ये बस बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास खड़ी थी। बस में सवार यात्री यूपीडा की कैंटीन में चाय-नाश्ता कर रहे थे। आधे घंटे बाद 4.50 बजे अचानक तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बस ने डबल डेकर बस को टक्कर मार दी। हादसे में मरने वाले सभी टक्कर मारने वाली बस में सवार बताए जा रहे हैं, जो बिहार से दिल्ली जा रहे थे।

बस में बैठी एक यात्री ने बताया, 'मैं दिल्ली जा रही थी। बस की दूसरी साइड में बैठी हुई थी। सड़क किनारे बस खड़ी थी, तभी पीछे से आई एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी।' एक यात्री ने कहा, 'मैं उस बस में था, जिसके ड्राइवर ने टक्कर मारी है। ज्यादातर लोग सो रहे थे, धमाके से हमारी नींद खुली।' एक अन्य यात्री ने बताया, 'मैं हाथ धोने गया था। तभी यूपीडा की कैंटीन के सामने पहली डबल डेकर के ड्राइवर ने बस पार्किंग में न खड़ी करके हाईवे के किनारे ही खड़ी कर दी। इसके चलते पीछे से आ रही दूसरी तेज रफ्तार वॉल्वो बस बेकाबू होकर उसमें जा भिड़ी। पीछे से आई बस के यात्री मरे और घायल हुए हैं, क्योंकि पहले से खड़ी बस के यात्री कैंटीन में गए थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया, '18 घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। जिन यात्रियों को हल्की चोटें आई थी, उनका CHC हैदरगढ़ में इलाज कराकर घर भेजा गया है। वहीं बचे यात्रियों को उनके घर भेजने के लिए गाड़ी की व्यवस्था कराई जा रही है।'
4 मृतकों की आधार कार्ड के जरिए हुई शिनाख्त, चार की शिनाख्त के लिए चल रहा प्रयास
- ओम प्रकाश राय पुत्र ओसिन्दर राय, उम्र 33 साल, पता- लदोरा कल्याणपुर, जिला समस्तीपुर।
- शिव धारी पुत्र मदन सहाय, उम्र 42 साल, पता- ग्राम दोलक, जिला मधुबनी।
- चित्त नारायण पुत्र राधाकांत झा, उम्र 75 साल, पता- कालापट्टी, थाना फुल परास, जिला मधुबनी।
- कमलेश कुमार पुत्र रामजी राय, उम्र 23 साल, पता- भीमा मकलेश्वर वार्ड 15, थाना पिपुरी, जिला सीतामढ़ी।
No comments:
Post a Comment
ghatakreporter.com मै आपका स्वागत है।
निस्पक्ष खबरों के लिए निरंतर पढ़ते रहें घातक रिपोर्टर
आपकी टिप्पड़ी के लिए धन्यवाद